हाथरस 02 सितंबर। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से हाथरस जनपद में ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) शुरू कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कंट्रोल यूनिट (CU), बैलेट यूनिट (BU) और वीवीपैट मशीनों की निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत जांच प्रारंभ हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 2 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार एफएलसी कराई जा रही है। इसका उद्देश्य चुनाव में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की तकनीकी एवं कार्यशीलता की जांच कर मतदान के दौरान तकनीकी खराबी की संभावना को न्यूनतम करना है। उन्होंने बताया कि हैदराबाद से पहुंची विशेष तकनीकी टीम द्वारा मशीनों की निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार गहन जांच की जा रही है। पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण जांच निर्वाचन तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे मशीनों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के साथ ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता मजबूत होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि जनपद में कुल 2,189 कंट्रोल यूनिट, 1,984 बैलेट यूनिट और 1,984 वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग की जाएगी। जांच के दौरान मशीनों की कार्यशीलता, तकनीकी स्थिति और अन्य निर्धारित मानकों की पड़ताल की जाएगी, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नामित अवर सचिव एवं नोडल अधिकारी राकेश कुमार ने एफएलसी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











