
हाथरस 31 अक्टूबर। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव पटैनी निवासी 17 वर्षीय किशोरी की उल्टी-दस्त से मौत हो गई। शुक्रवार शाम हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार गांव पटैनी निवासी ओमवीर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी पायल पिछले दो दिनों से उल्टी-दस्त की समस्या से पीड़ित थी। शुक्रवार की शाम अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इस पर परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने पायल को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में ही परिवार के लोग बिलखने लगे। बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए किशोरी के शव को अपने साथ गांव ले गए। बताया गया है कि पायल तीन बहनों में से एक थी।





