
हाथरस 22 नवंबर। स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री कश्मीरी लाल ने कहा कि आज का भारत युवाओं का भारत है। यह दुनिया को देने वाला और विश्व के सामने आंख से आंख मिलाकर बात करने वाला भारत है। हमें रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहिए। स्वदेशी और लोकल से वोकल की अवधारणा वर्तमान में देश की आर्थिक संरचना का मूल आधार है। स्थानीय उत्पादों को महत्व देकर ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। वे गोपाल धाम में आयोजित सेमिनार ‘स्वदेशी संवाद’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आर्थिक राष्ट्रवाद की ओर बढ़ रही है और आज भारत विश्व के सामने एक उदाहरण बनकर उभरा है। देश के अनेक उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों ने अपने स्टार्टअप के माध्यम से आत्मनिर्भरता का संदेश दिया है। नया भारत दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक शक्तियों में शामिल होने की दिशा में अग्रसर है। इसके लिए सभी को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य श्रीमती उषा गुप्ता ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जब हम अमेरिका जाते हैं तो वहां लोग बड़े गर्व से पूछते हैं कि क्या आप उसी भारत से हैं, जो मोदी वाला भारत है? यह सुनकर प्रसन्नता होती है। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की तस्वीर बदली है और देश की पहचान मजबूत हुई है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय संयोजक डॉ. अमितेश अमित, प्रांत संयोजक मनोज अग्रवाल (राय वाले), विशिष्ट अतिथि जिला प्रचारक जितेंद्र जी, प्रांत सह संयोजक सुशील चौहान एवं उमाकांत तिवारी तथा अभिनव कश्यप सहित अलीगढ़, मथुरा, एटा, मैनपुरी, कासगंज और हाथरस के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने सहभागिता की।
स्वदेशी संवाद के दौरान स्वापो, व्यापार मंडल, पतंजलि योगपीठ, एडीएचआर, अपना घर आश्रम, लघु उद्योग भारती, भारत विकास परिषद संस्कार, आर्य समाज और स्वावलंबी भारत सहित विभिन्न संस्थाओं की ओर से स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री कश्मीरी लाल का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रभु दयाल कुशवाहा, अजय राघव, हरिशंकर जी आर्य, हिमांशु गुप्ता, अनिल वार्ष्णेय, कपिल अग्रवाल, देवेंद्र वार्ष्णेय, सौरव गुप्ता, दुर्गेश वार्ष्णेय, वैभव मोहता, रोहित पाराशर, डॉ. राधेश्याम वार्ष्णेय, मुकेश बंसल, नरेंद्र बंसल, राकेश बंसल, वीरेंद्र गुप्ता, रूपराम शर्मा और दिनेश गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










