Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 नवंबर। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मतदान एवं मतगणना कार्य में तैनात होने वाले कार्मिकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मास्टर ट्रेनरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पीठासीन अधिकारी निर्वाचन कार्य की अहम जिम्मेदारी निभाते हैं और उन्हें दक्ष बनाने में मास्टर ट्रेनर महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्मिकों को केवल सैद्धांतिक जानकारी न देकर पूरी तरह व्यावहारिक एवं हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि मतदान के दिन किसी भी परिस्थिति में वे स्वयं निर्णय लेकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रशिक्षण के दो प्रमुख पहलू हैं, जिनमें निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन तथा ईवीएम एवं वीवीपैट का संचालन शामिल है। मास्टर ट्रेनर पीठासीन अधिकारियों को मतदान से पूर्व की तैयारियों, मतदाता सूची, मतदान सामग्री, मॉक पोल, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, घोषणा पत्र, मतदान के दौरान प्रत्येक दो घंटे में भेजी जाने वाली सूचनाओं तथा मतदान समाप्ति के बाद भरे जाने वाले प्रपत्रों की विस्तृत जानकारी दें। प्रपत्र-17ए (मतदाता रजिस्टर) एवं प्रपत्र-17सी (मतदान लेखा) सहित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों को भरने और मतदान सामग्री जमा कराने की प्रक्रिया भी समझाई जाए। डीईओ ने ईवीएम की कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने मॉक पोल की प्रक्रिया, मॉक पोल के बाद मशीन क्लियर करने, एजेंटों की अनुपस्थिति में मतदान शुरू कराने तथा मतदान के दौरान मशीन की किसी यूनिट में खराबी आने पर उसे बदलने की प्रक्रिया समझाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेपर सील, वेबकास्टिंग, मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं, पुलिस की भूमिका तथा मतदान अभिकर्ताओं से संबंधित नियमों की जानकारी देने को कहा।

उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों को सामग्री प्राप्त करते समय प्रत्येक वस्तु का मिलान एवं जांच करने तथा मतदान समाप्ति के बाद सामग्री जमा कराते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी प्रशिक्षित किया जाए। पीठासीन अधिकारी के साथ प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारियों के दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझाया जाए, ताकि मतदान केंद्र पर सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभा सकें। मतगणना प्रशिक्षण के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कार्मिकों को ईवीएम, डाक मतपत्र एवं ईटीपीबीएस की मतगणना प्रक्रिया की पूरी जानकारी होनी चाहिए। कंट्रोल यूनिट में दर्ज मतों का मिलान, मतगणना के दौरान विसंगति सामने आने पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया, वीवीपैट पर्चियों की गणना, प्रत्येक राउंड में चयनित ईवीएम का सत्यापन तथा पोस्टल बैलेट की गणना से संबंधित नियमों का भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाए।

उन्होंने पोस्टल बैलेट, ईटीपीबीएस, निर्वाचन ड्यूटी प्रमाण पत्र, प्रॉक्सी वोटिंग तथा अनुपस्थित मतदाताओं की श्रेणी में आने वाले 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए उपलब्ध मतदान सुविधा की प्रक्रिया समझाने के निर्देश दिए। ऐसे मतदाताओं को चिन्हित करने, निर्धारित टीम के माध्यम से मतदान कराने तथा संबंधित अभिलेख तैयार करने की जानकारी भी कार्मिकों को दी जाए।\ जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों के चिन्हीकरण, वल्नरेबिलिटी मैपिंग, निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था तथा मतदान केंद्र पर पुलिस की भूमिका के संबंध में भी विस्तार से प्रशिक्षण देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के भीतर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीठासीन अधिकारी की भूमिका एवं अधिकारों की जानकारी प्रत्येक कार्मिक को होनी चाहिए।

उन्होंने मास्टर ट्रेनरों को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रशिक्षण सामग्री का नियमित अध्ययन करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से रिटर्निंग ऑफिसर की हैंडबुक, पीठासीन अधिकारी की हैंडबुक, ईवीएम एवं वीवीपैट पुस्तिका तथा ऑब्जर्वर हैंडबुक का अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नामांकन से लेकर मतदान एवं मतगणना तक प्रत्येक स्तर के लिए विषयवार विशेषज्ञ मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएं, जिससे सभी कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।,अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मास्टर ट्रेनर यह सुनिश्चित करें कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाला प्रत्येक कार्मिक निर्वाचन प्रक्रिया, अपने दायित्वों तथा आकस्मिक परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यवाही से पूरी तरह परिचित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page