
हाथरस 28 नवंबर। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र का जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्यों, भूमि संबंधी प्रक्रियाओं, निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा प्रस्तावित आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं। साथ ही विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, विद्युत, जलापूर्ति, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से जनपद में निवेश एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परियोजना से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक क्षेत्र का विकास समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।








