Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत शनिवार को जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर कैंपों का निरीक्षण किया और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नहरोई, नगर क्षेत्र के बूथ संख्या 475, नगर पालिका सिकंदराराऊ के वार्ड संख्या 9, 10 एवं 11 के बूथ संख्या 92, 93 और 94, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के बूथ संख्या 81, 82 एवं 83, गौरी शंकर हिंदू इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 84 से 91 तथा गांधी राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, पुरदिलनगर के बूथ संख्या 220 से 230 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर मौजूद ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से संवाद करते हुए अपील की कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है अथवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में विवाह के बाद नई बहू आई हैं, उनका नाम भी संबंधित क्षेत्र की मतदाता सूची में नियमानुसार शामिल कराने के लिए आवेदन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

डीएम ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थलों पर बूथ संख्या, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) का मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से अंकित कराई जाएं। जिन बूथों पर बीएलओ बदले गए हैं, वहां पुराने बीएलओ द्वारा नए बीएलओ को मतदाता सूची एवं संबंधित अभिलेखों का डाटा विधिवत हस्तांतरित कराया जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए प्राप्त प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण किया जाए तथा संबंधित परिवार के सदस्यों से मौके पर सत्यापन भी कराया जाए। पर्याप्त जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से न तो जोड़ा जाए और न ही हटाया जाए। मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं हटाने की पूरी प्रक्रिया सावधानी, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडी सूची के आधार पर भी घर-घर जाकर विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान करने को कहा। इसके साथ ही राशन विक्रेताओं (कोटेदारों) से अभियान में सक्रिय सहयोग लेने के निर्देश पूर्ति निरीक्षक को दिए। उन्होंने कहा कि कोटेदारों के माध्यम से पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत 29 नवंबर को भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पात्र युवाओं एवं ऐसे नागरिकों, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है लेकिन अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, से निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page