सिकन्दराराऊ 18 नवंबर। जीटी रोड स्थित नगर पालिका क्रीड़ा स्थल पर आयोजित सिकंदराराऊ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने फीता काटकर एवं टॉस उछालकर किया। इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। टूर्नामेंट के शुभारंभ पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने अपने संबोधन में युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सिकंदराराऊ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजक विकास सिसोदिया एवं वसीम इकबाल रहे। इस अवसर पर गिरीश मोहन गुप्ता, मुकुल गुप्ता, दाऊदयाल वार्ष्णेय, वैभव वार्ष्णेय, विश्व गौरव, ललित पुंढीर, सतीश चन्द्र, निर्मल दास वाल्मीकि सहित अन्य गणमान्य लोग, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।










