Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 07 नवंबर। पुरदिलनगर के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी में हुई ईको कार चोरी की घटना के मामले में मुकदमा दर्ज हुए करीब सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक चोरी हुई कार और आरोपियों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पीड़ित अफजल खान ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जिला पुलिस प्रशासन से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है। पीड़ित अफजल खान का आरोप है कि काफी भागदौड़ के बाद पुलिस ने उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद भी चोरी हुई ईको कार का कोई पता नहीं चल सका है। लगातार पुलिस के चक्कर लगाने के बावजूद गाड़ी की बरामदगी न होने से वह परेशान हैं।

अफजल खान के अनुसार ईको कार ही उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा थी। कार चोरी होने के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि वाहन न मिलने के कारण उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है और वह मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं।पीड़ित ने जिला पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से गुहार लगाते हुए मांग की है कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनकी ईको कार बरामद कराई जाए, ताकि उनकी आजीविका फिर से पटरी पर लौट सके।

वहीं, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस चोरी गई कार का पता लगाने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page