सिकन्दराराऊ 11 अक्टूबर। ग्राम मानिकपुर–श्यामपुर में आयोजित ग्रामीण दौड़ प्रतियोगिता में सिकन्दराराऊ सहित आसपास के क्षेत्रों से आए युवक-युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में धावकों ने अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ‘सशक्त बेटी–सुन्दर समाज’ के संस्थापक उदय पुंडीर मुख्य अतिथि एवं संरक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उदय पुंडीर ने कहा कि सिकन्दराराऊ का वास्तविक विकास यहां की प्रतिभाओं, संस्कारों और जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से संभव है। क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से संचालित ‘सशक्त बेटी–सुन्दर समाज’ का उद्देश्य भी नई पीढ़ी को अपनी क्षमताओं का एहसास कराना, उनमें विवेक और कर्तव्यबोध विकसित करना तथा समाज निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। बेटियों की खेलों में सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सिकन्दराराऊ का विकास किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और आने वाली पीढ़ियों का साझा संकल्प होना चाहिए।
प्रतियोगिता के 1600 मीटर बालक वर्ग में एटा के नवीन ने प्रथम, गोपी के अमित ने द्वितीय और अलीगढ़ के आर.के. ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में मऊ के अमन, टीकरी के विष्णु और मानिकपुर के हिमांशु ने भी भाग लिया। 400 मीटर बालक वर्ग में इगलास के पंकज प्रथम, सिकन्दराराऊ के टिंकू द्वितीय और इगलास के रवि पंडित तृतीय स्थान पर रहे। इस दौड़ में मानिकपुर के विकास और भीमा तथा कपसिया के विराट और मोहित ने भी प्रतिभाग किया। 800 मीटर बालिका वर्ग में खुर्जा की योग्यता ने प्रथम, कपसिया की कनिष्का ने द्वितीय और सुजावलपुर की तन्वी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस वर्ग में मानिकपुर की भावना और शीतल, दंडों की अनेकश्री तथा कपसिया की ललितेश ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं, 800 मीटर बालक वर्ग में अलीगढ़ के आर.के. ने प्रथम, सासनी के शिवा ठाकुर ने द्वितीय और इगलास के दिलीप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में मानिकपुर के अजीत, कपसिया के अंकित और कुठीला के हृदेश भी शामिल रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में दम्मू बाबा, पीताम्बर पुंढीर, देवव्रत पुंढीर, प्रवीन पुंढीर, यतीश पुंढीर और आकाश राजपूत का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में संतोष कुमार पुंढीर, प्रेम प्रकाश फौजी, विजय प्रताप सिंह (सोनू), जगदीश राघव, पुष्पेन्द्र सिंह, नवीन, मोंटू, आशीष, नीरज चौहान, शिवम पुंढीर और देवेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में उदय पुंडीर ने आयोजकों, विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अवसर उपलब्ध कराना ही उसके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सच्ची जिम्मेदारी है।









