
हाथरस 02 सितंबर। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद हाथरस में पंजीकृत श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने एवं उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए विभिन्न लेबर चौराहों पर स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार, 02 सितंबर को चामड़ गेट, हाथरस स्थित लेबर चौराहे पर स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में पंजीकृत श्रमिकों के साथ-साथ उपस्थित अन्य लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं और आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इस दौरान कुल 07 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 97 मरीजों का उपचार किया गया। उपचारित मरीजों में से 70 मरीजों की सीबीसी जांच तथा 18 मरीजों की शुगर जांच कराई गई। जांच के दौरान 05 मरीजों में हल्का सामान्य बुखार पाया गया। कैंप में आए सभी मरीजों को उनकी बीमारी से संबंधित आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं।
श्रमिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं और आयुष्मान कार्ड पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में विभिन्न लेबर अड्डों पर लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा श्रमिकों के एकत्र होने वाले छह लेबर अड्डों को चिन्हित किया गया है। इनमें चामड़ गेट, रामलीला ग्राउंड, हाथरस; पंत चौराहा, सिकन्द्राराऊ; जवाहर बाजार, सादाबाद; बच्चा पार्क, सासनी तथा रामलीला ग्राउंड, मुरसान शामिल हैं। कैंप में प्रभारी जिला श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी सतेन्द्र कुमार मिश्र, जिला नगरीय समन्वयक नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पुष्पेन्द्रवीर, डीआईएसएम आयुष्मान भारत हाथरस श्री लेखेन्द्र भारद्वाज, चिकित्साधिकारी डॉ. हरिमोहन कमल सहित चिकित्सकीय टीम के अन्य सदस्य एवं आयुष्मान मित्र उपस्थित रहे।\ प्रशासन एवं संबंधित विभागों की ओर से श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने तथा पात्र श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए ऐसे कैंप आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।













