Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 सितंबर। प्रांतीय लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन की तैयारियों में अब तेजी आ गई है। मेले में दंगल और पंडाल में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने परिसर में विकास एवं निर्माण कार्य शुरू करा दिए हैं। मुख्य पंडाल के टिनशेड का विस्तार कर इसे 40 फीट आगे तक बढ़ाया जाएगा, जबकि रेवती मैया पंडाल में 120 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। मेले में लाखों श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन का विशेष जोर सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है। मुख्य पंडाल में टिनशेड को 40 फीट आगे बढ़ाने से बारिश और तेज धूप के दौरान दंगल देखने आने वाले दर्शकों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही अखाड़े के आमने-सामने भव्य मंच तैयार किए जा सकेंगे, जबकि पंडाल की अन्य दो दिशाओं में बड़ी संख्या में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जा सकेगी।

वहीं, रेवती मैया पंडाल के बीचों-बीच 120 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। बारिश के दौरान पंडाल परिसर में मिट्टी के कारण अक्सर दलदल और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। इंटरलॉकिंग मार्ग बनने के बाद श्रद्धालुओं को इस समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेले के शुभारंभ की निर्धारित समय-सीमा से पहले सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि मेला परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि मेला आयोजन से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य कार्य कराए जाने पर भी विचार चल रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page