Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 सितम्बर। हाथरस के ऐतिहासिक मेला श्री दाऊजी महाराज में चल रहे अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के दूसरे दिन शुक्रवार को पहलवानों ने मध्य रात्रि तक अखाड़े में जोर आजमाया। दिनभर कई रोमांचक मुकाबले हुए, लेकिन अंतिम दौर की दो बड़ी कुश्तियों ने दर्शकों का विशेष उत्साह बढ़ाया। दोनों मुकाबलों के लिए 61-61 हजार रुपये की इनाम राशि रखी गई थी। अंतिम दौर से पहले हुई 61 हजार रुपये की कुश्ती में धाऊ बाग के विनीत पहलवान और कुंवरपुर के अजीत पहलवान आमने-सामने आए। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर कई दांव-पेच आजमाए और मुकाबला काफी देर तक चलता रहा, लेकिन कोई भी पहलवान निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका। आखिरकार कुश्ती बराबरी पर समाप्त हुई। इसके बाद दंगल की आखिरी 61 हजार रुपये की कुश्ती कुंडा के श्यामवीर पहलवान और धाऊ बाग के नरेंद्र पहलवान के बीच हुई। इस मुकाबले में भी दोनों पहलवानों ने पूरी ताकत के साथ एक-दूसरे को पटखनी देने का प्रयास किया। काफी देर तक चले रोमांचक मुकाबले के बाद यह कुश्ती भी बराबरी पर छूट गई। दोनों बड़ी कुश्तियों में कोई निर्णायक परिणाम नहीं निकलने पर इनाम राशि दोनों पहलवानों के बीच आधी-आधी बांट दी गई।

इस बार दाऊजी महाराज मेले के दंगल को आधुनिक प्रतियोगी स्वरूप से जोड़ने का प्रयास किया गया है। पहले दिन भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के नियमों के अनुसार अलग-अलग भार वर्गों में महिला और पुरुष पहलवानों के मुकाबले आयोजित किए गए थे। इसके बाद 18 से 22 सितंबर तक पारंपरिक दंगल का आयोजन किया जा रहा है। दंगल के दूसरे दिन भी अखाड़े के आसपास बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने देर रात तक पहलवानों के मुकाबलों का आनंद लिया और रोमांचक कुश्तियों के दौरान तालियों से पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय, नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी, दंगल संयोजक विपुल गौड़, विकास भारद्वाज, अशोक शर्मा, सुमित शर्मा, संदीप जादौन, शुभम उपाध्याय, प्रशांत शर्मा, जय शर्मा और लव वार्ष्णेय सहित दंगल कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page