
सादाबाद (सहपऊ) 10 नवम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव शिखरा निवासी एक युवक ने कथित रूप से ससुरालीजनों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। उल्लेखनीय है कि रविवार रात गांव शिखरा में इस गांव निवासी 35 वर्षीय पुष्पेन्द्र का शव खेतों में एक पेड़ पर लटका मिला था । अब मृतक के भाई देश दीपक निवासी शिखरा हाल निवासी हाल निवासी गिर्राज वाटिक ,सौ फुटा रोड कालिन्दी विहार थाना ट्रान्स यमुना ने उसकी पत्नी और उसके परिजनों पर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के भाई का कहना है कि उनके भाई पुष्पेंद्र की शादी करीब ढाई वर्ष पहले गुंजन पुत्री हरीशंकर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी और उसके मायके पक्ष जिसमें मृतक का सुसर एवं सास चैतन्य ,भाई कौशल एवं कौशल की पत्नी उसके घर आए और जबरन घर से सारा सामान एवं जेवरात लेकर अपने घर मोहल्ला बजरंग नगर सौ फुटा टेडी बगिया आगरा ले गए । इसके बाद उक्त सभी उसके भाई को परेशान करने लगे। उससे रुपये की मांग की जाती थी और विरोध करने पर मारपीट तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इन सालों में उसने जो कुछ कमाई की वह भी सुसरालियों ने ले ली । आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पुष्पेंद्र नवंबर 2026 में आगरा से अपने गांव शिखरा आ गया था। आठ नवंबर को शाम करीब छह बजे गांव के पप्पू नाई ने परिजनों को फोन कर पुष्पेंद्र के पेड़ पर फंदे से लटके होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नौ नवंबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजनों को घर में चारपाई के नीचे पुष्पेंद्र का लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने पत्नी, सास-ससुर और साले पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मृतक की पत्नी गुंजन समेत चार लोगों के खिलाफ मामले की जांच शुरू कर दी है।








