हाथरस 02 सितंबर। सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में Grandparents’ Day बड़े उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी का विशेष स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स के बीच स्नेह, अपनत्व और पारिवारिक मूल्यों की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपने ग्रैंडपेरेंट्स के महत्व से परिचित कराना तथा उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करना था। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने ग्रैंडपेरेंट्स के प्रति प्रेम और भावनाएँ व्यक्त कीं।
कार्यक्रम को और भी विशेष बनाया उपस्थित ग्रैंडपेरेंट्स ने, जिन्होंने बच्चों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए तथा कहानियाँ, कविताएँ और गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनके अनुभवों और सहज प्रस्तुतियों ने बच्चों को परंपराओं, संस्कारों और जीवन-मूल्यों से जुड़ने का अवसर दिया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बबीता सेठ ने कहा, “ग्रैंडपेरेंट्स हमारे जीवन की जड़ें हैं। उनसे हमें प्रेम के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य सीखने को मिलते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ने का सुंदर माध्यम हैं।”
विद्यालय प्रबंधन की ओर से कहा गया कि ग्रैंडपेरेंट्स बच्चों के जीवन में विशेष स्थान रखते हैं। उनका स्नेह, अनुभव और मार्गदर्शन बच्चों के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन पीढ़ियों के बीच के संबंधों को और मजबूत करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनुभाग समन्वयक श्रीमती नूतन शर्मा तथा अध्यापिकाओं आरती वार्ष्णेय, रोली वार्ष्णेय, रितु जैन, बबीता कौशिक, पारुल वार्ष्णेय, नंदनी बंसल, प्रीती अग्रवाल, मनीषा वार्ष्णेय, श्वेता अग्रवाल, सुकन्या कश्यप, संजीव कुमार शर्मा, देवांशु जैसवाल एवं रोहन वार्ष्णेय का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सभी ग्रैंडपेरेंट्स के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बच्चों और उनके दादा-दादी एवं नाना-नानी के बीच प्रेम और भावनाओं से भरा यह आयोजन सभी के लिए एक सुखद एवं यादगार अनुभव बन गया।