हाथरस 17 अक्टूबर । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपदव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रही हैं। अभियान के अंतर्गत महिला थाना, कोतवाली नगर, हाथरस गेट, हाथरस जंक्शन, सासनी, मुरसान, चंदपा, सादाबाद, सिकंदराराऊ, हसायन सहित जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमें सक्रिय हैं। पुलिसकर्मियों द्वारा ग्राम चौपालों, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, पीछा करने तथा अन्य महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जा रही जानकारी
मिशन शक्ति टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया जा रहा है।
- 1090: महिला हेल्पलाइन
- 112: आपातकालीन पुलिस सहायता
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, शोषण या असुरक्षित स्थिति का सामना करने पर बिना संकोच शिकायत दर्ज कराने तथा समय रहते सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
जागरूकता कार्यक्रमों में बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त महिलाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सहायता सेवाओं की जानकारी देकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। हाथरस पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना, उनमें सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा समाज में महिला सम्मान और समानता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। हाथरस पुलिस ने अपील की है कि किसी भी महिला या बालिका के साथ उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा अन्य अपराध होने पर चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए वह प्रतिबद्ध है।






