सादाबाद 16 अक्टूबर । कुरसंडा के गांव थलूगढ़ी में तीन दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने फीता काटकर एवं गेंद खेलकर किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और राजस्थान की लगभग 20 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन बारिश के कारण खेल को बीच में ही रोकना पड़ा।
टूर्नामेंट का आयोजन हेमंत चौधरी के संयोजन में कराया जा रहा है। उद्घाटन के अवसर पर पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए। खेल में हार और जीत लगी रहती है। हारने वाले खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय अपनी कमियों को दूर कर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुरसंडा क्षेत्र में पहले भी वॉलीबॉल के अनेक बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। टूर्नामेंट के संयोजक हेमंत चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता तीन दिन तक दिन और रात में आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 20 टीमें भाग ले रही हैं। बाहर से आने वाली टीमों के खिलाड़ियों के लिए रहने तथा खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 11 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 5100 रुपये तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। गुरुवार को बारिश होने के कारण खेल रोकना पड़ा। मौसम अनुकूल होने पर मुकाबले कराए जाएंगे।










