सादाबाद 14 अक्टूबर । कस्बे में मंगलवार रात निकाली गई अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा में आस्था, भक्ति और राजसी वैभव का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते मार्गों पर आकर्षक झांकियों और नामचीन बैंडों की सुमधुर धुनों ने ऐसा समां बांधा कि लोग देर रात तक शोभायात्रा का आनंद लेते रहे। रात साढ़े आठ बजे शुरू हुई शोभायात्रा का बुधवार तड़के ढाई बजे संपन्न हुई।
शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने किया। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से निकली शोभायात्रा में आगरा, अलीगढ़, हरियाणा और दिल्ली के नामचीन बैंडों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। भगवान श्रीगणेश, खाटू नरेश, सालासर बालाजी, भगवान जगन्नाथ और श्मशान पिशाचिनी की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में 18 नागकन्याओं के साथ रथ पर सवार महारानी माधवी, 18 राजकुमारों की राजसी झलक और भव्य रथ पर विराजमान महाराजा अग्रसेन का स्वरूप देखते ही बन रहा था। इन झांकियों ने प्राचीन अग्रकुल की गौरवशाली परंपरा को जीवंत कर दिया। श्रद्धालुओं के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा में भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा तथा समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष मदनलाल अग्रवाल एवं उनकी टीम ने शोभायात्रा में शामिल अतिथियों और आगंतुक बैंडों के प्रतिनिधियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं ऐतिहासिक एवं भव्य शोभायात्रा के आयोजन को लेकर लोगों ने अग्रवाल सभा अध्यक्ष मदनलाल अग्रवाल का भी स्वागत कर सराहना की। श्री अग्र युवा महिला समाज की टीम ने भी शोभायात्रा के दौरान विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया। आयोजन में अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। करीब छह घंटे तक नगर में भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा हाथरस रोड स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन परिसर पहुंची। बुधवार तड़के ढाई बजे महाराजा अग्रसेन के जयकारों के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।





