सादाबाद 16 नवंबर। शादी समारोह में शामिल होने के लिए अलीगढ़ से जलेसर जा रहे एक परिवार की बाइक सोमवार दोपहर जलेसर रोड पर मानिकपुर के निकट गाय से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों समेत तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया।i यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।।जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के बाग वाली मस्जिद निवासी 25 वर्षीय रेहान पुत्र अफसर अपने भाई रिजवान और 24 वर्षीय महिला जैनब के साथ सोमवार को मोटरसाइकिल से जलेसर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे उनकी बाइक सादाबाद-जलेसर मार्ग पर ग्राम मानिकपुर के निकट पहुंची, तभी अचानक सड़क पर आई गाय से बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए घटना की जानकारी एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण बेहतर उपचार के लिए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।










