
हाथरस 02 अक्टूबर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशा-निर्देशन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारतरत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। जयंती के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने समवेत स्वर में राष्ट्रभक्ति एवं गांधीजी के विचारों से जुड़े भजनों का सस्वर वाचन किया। इस दौरान ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए जे’, ‘रघुपति राघव राजा राम’ तथा ‘दे दी आज़ादी बिना खड्ग बिना ढाल’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों और देश के प्रति योगदान को स्मरण किया गया। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान्न वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। उक्त जानकारी प्रतिवेदन समिति की प्रभारी नेहा यादव द्वारा उपलब्ध कराई गई।










