
हाथरस 17 नवंबर। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्धवार्षिक परीक्षाओं का मंगलवार, 17 नवंबर से शुभारंभ हो गया। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार कक्षा एक से आठ तक की परीक्षाएं 21 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा के पहले दिन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परीक्षाएं शुरू कराई गईं। परीक्षा कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक निर्धारित की गई है।
इसी क्रम में हाथरस जनपद के विकासखंड हाथरस क्षेत्र स्थित संविलियन विद्यालय नगला अडू में भी मंगलवार को अर्धवार्षिक परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान छात्र-छात्राएं अपनी-अपनी कक्षाओं में बैठकर शांतिपूर्ण वातावरण में प्रश्नपत्र हल करते नजर आए। विद्यार्थियों ने निर्धारित समय के अनुसार परीक्षा में प्रतिभाग किया। अर्धवार्षिक परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर, विषयों की समझ और अब तक कराए गए पाठ्यक्रम का मूल्यांकन किया जाएगा। परीक्षा परिणामों से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति का आकलन करने के साथ ही उनकी कमजोरियों को पहचानने में भी मदद मिलेगी। परीक्षाओं के शुभारंभ के साथ ही परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। परीक्षा का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है।










