Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अक्टूबर । नवरात्रि के पावन अवसर पर सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल (एसएसडी पब्लिक स्कूल) में गरबा एवं डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लिया और गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं लोकपरंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना सभा से हुआ। इसके बाद ‘जय अम्बे गौरी’ आरती के साथ माँ अम्बे की आराधना की गई। तत्पश्चात कक्षावार गरबा एवं डांडिया नृत्य प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ। संगीत की मधुर धुनों पर विद्यार्थियों ने लय और तालमेल के साथ नृत्य कर उत्सव के माहौल को आनंदमय बना दिया।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवरात्रि से जुड़ी सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराना और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से उनमें सहभागिता की भावना विकसित करना रहा। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुति, लय, तालमेल और आयोजन के अनुरूप आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बबीता सेठ ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और उल्लास से भरे वातावरण में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page