Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

smart

हाथरस (मुरसान) 21 नवंबर। गांव गुवरारी में खेत पर काम कर रहे पिता-पुत्र पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। आरोपियों पर मारपीट के बाद खेत पर खड़ी दो मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर अपने साथ ले जाने का भी आरोप है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव गुवरारी निवासी ओमवीर उर्फ ओमी पुत्र चोखेलाल के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे वह अपने पुत्र इन्दल के साथ खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के पतिराम, भोला, राजकुमार पुत्रगण अमर सिंह और मानवेन्द्र पुत्र भोला कथित तौर पर एकराय होकर लाठी-डंडे, पौनिया और तमंचा लेकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित के मुताबिक, मानवेन्द्र और राजकुमार ने डंडों से प्रहार किए, जिससे दोनों को चोटें आईं। जान बचाकर भागने के दौरान पतिराम ने पौनिया और भोला ने तमंचे से फायरिंग की। किसी तरह दोनों अपनी जान बचाकर गांव की ओर भागे। आरोप है कि इस दौरान खेत पर खड़ी उनकी दो मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर (यूपी-86-एवी-6726 और यूपी-81-बीएल-0153) को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया और आरोपी उन्हें अपने साथ घर ले गए। ओमवीर का आरोप है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जब वह थाने पहुंचे तो उन्हें रात आठ बजे से दस बजे तक बैठाए रखा गया और फिर सुबह आने के लिए कह दिया गया। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने न तो उनकी रिपोर्ट दर्ज की और न ही मेडिकल परीक्षण कराया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार भयभीत है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर मुकदमा दर्ज कराने, मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page