
हाथरस/सादाबाद 10 जुलाई। जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के एक आरोपी पर जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद अपने साथी के साथ मिलकर एक चांदी व्यापारी के घर के बाहर सरेआम फायरिंग करने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के कस्बा बिसावर निवासी मुबारक पुत्र इमरान, जो चांदी के घुंघरू बनाने का कार्य करते हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गुरुवार रात विवेक पुत्र लाइन सिंह और योगेंद्र उर्फ कलुआ पुत्र महावीर सिंह उनके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उनसे 12 किलो चांदी की मांग की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके घर के बाहर फायरिंग कर दी।
पीड़ित के अनुसार, घर का दरवाजा बंद होने के कारण गोली दरवाजे में जाकर फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली सादाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित मुबारक का आरोप है कि योगेंद्र उर्फ कलुआ और उसका साथी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उनका यह भी दावा है कि योगेंद्र हाल ही में एक यूट्यूबर हत्याकांड के मामले में जेल से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया है। फिलहाल पुलिस शिकायत, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


























