Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 18 अक्टूबर । केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेश लाहौरी को क्लिनिकल डेंटिस्ट्री के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) की ओर से प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लाइफटाइम अचीवमेंट चरक अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से केडी विश्वविद्यालय और केडी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में खुशी का माहौल है। समारोह में आईडीए अध्यक्ष डॉ. मनोज श्रीवास्तव, महासचिव डॉ. अशोक धोब्ले, चरक अवॉर्ड समिति के चेयरमैन डॉ. दीपक माहेश्वरी तथा प्रीवेस्ट डेनप्रो के चेयरमैन अतुल मोदी ने डॉ. लाहौरी को सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने करतल ध्वनि के साथ उनकी उपलब्धि का स्वागत किया। डॉ. लाहौरी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर केडी विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि डॉ. लाहौरी की दीर्घकालीन साधना, व्यावसायिक उत्कृष्टता और चिकित्सा शिक्षा के प्रति समर्पण का सम्मान है। उनका योगदान संस्थान के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि केडी विश्वविद्यालय के साथ-साथ पूरे ब्रज क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने कहा कि डॉ. लाहौरी को मिला सम्मान उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और दंत चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। उनकी उपलब्धि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और भावी चिकित्सकों को अपने कार्यक्षेत्र में श्रेष्ठता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मनेश लाहौरी ने इंडियन डेंटल एसोसिएशन, प्रीवेस्ट डेनप्रो और चयनित जूरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें दंत चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ सेवाएं देने के लिए प्रेरित करेगा। सम्मान भले ही किसी एक व्यक्ति को मिलता है, लेकिन उससे मिलने वाला सकारात्मक संदेश सभी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर केडी विश्वविद्यालय के सीईओ अरुण अग्रवाल, केडी मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, केडी डेंटल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर और कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी डॉ. लाहौरी को बधाई दी। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय और ब्रज क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page