
हाथरस 14 नवंबर। भूरापीर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला के प्रांगण में महिला कुलश्रेष्ठ सभा के तत्वावधान में भगवान श्री चित्रगुप्त एवं कलम-दवात पूजन, गोवर्धन पूजा तथा अन्नकूट महाप्रसादी का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मंच संचालन सभा की संगठन मंत्री रितिका कुलश्रेष्ठ ने बेहद सजीव एवं ऊर्जावान अंदाज में किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती निशी कुलश्रेष्ठ (राष्ट्रीय कार्यकारी महिला अध्यक्षा, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा एवं वाइस प्रेसिडेंट, अखिल भारतीय कायस्थ संघ) तथा श्री विवेक कुलश्रेष्ठ (राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, अखिल भारतीय कुलश्रेष्ठ संघ) विशेष रूप से उपस्थित रहे। पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के अंतर्गत भगवान श्री चित्रगुप्त एवं कलम-दवात का विधिवत पूजन किया गया। इसके साथ ही गोवर्धन पूजा संपन्न हुई। पूजन कार्यक्रम के पश्चात आयोजन में सांस्कृतिक रंग भरने के लिए आगरा से आए विशेष अतिथि डीजे देवराज राजपूत के संयोजन में डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। डांडिया की धुनों पर उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पूरे परिसर में उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने अन्नकूट महाप्रसादी ग्रहण की।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महिला कुलश्रेष्ठ सभा की पूरी कार्यकारिणी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन की अध्यक्षता मीनाक्षी कुलश्रेष्ठ ने की। उनके साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष कल्पना कुलश्रेष्ठ, उपाध्यक्ष रश्मि कुलश्रेष्ठ, सचिव नेहा कुलश्रेष्ठ, कोषाध्यक्ष संगीता कुलश्रेष्ठ, संगठन मंत्री रितिका कुलश्रेष्ठ तथा सदस्य अंजू कुलश्रेष्ठ, रितु कुलश्रेष्ठ एवं रंजना कुलश्रेष्ठ ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए सभा की ओर से पीयूष कुलश्रेष्ठ, सुधीर कुलश्रेष्ठ, अरुण कुलश्रेष्ठ (सचिव, अखिल भारतीय कुलश्रेष्ठ महासभा व्यापार समिति एवं प्रदेश उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश), अभय कुलश्रेष्ठ, विशाल कुलश्रेष्ठ एवं अमर कुलश्रेष्ठ का विशेष आभार व्यक्त किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के संगम के रूप में आयोजित यह समारोह उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।











