
हाथरस 19 सितम्बर। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों और युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। अभियान की थीम ‘मेरे सपनों का भारत’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 27 सितंबर तक जिले के सभी विकास खंडों के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला/ड्राइंग प्रतियोगिता तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके साथ ही विद्यालय स्तर और विकास खंड स्तर पर ड्राइंग प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इसी क्रम में 21 सितंबर से 28 सितंबर तक जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘इंटेलेक्चुअल का युवाओं से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी अवधि में ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर वाद-विवाद प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, जिसमें विद्यार्थी एवं युवा अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इन प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों के लिए जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 2 अक्टूबर को सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, हाथरस में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और देश तथा प्रदेश के विकास को लेकर विचार रखने की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं उच्च शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि अपने-अपने स्तर से संबंधित विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यक्रमों का आयोजन कराना सुनिश्चित करें।










