
हाथरस 16 सितम्बर। जिलाधिकारी अतुल वत्स द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, भोजनालय और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 100 छात्राओं के सापेक्ष 80 छात्राएं उपस्थित मिलीं। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, भोजनालय की व्यवस्था तथा भोजन की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी ने विद्यालय की छात्राओं से विभिन्न विषयों और सामाजिक मुद्दों को लेकर संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से विज्ञान, इतिहास, हिंदी और अंग्रेजी सहित विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। छात्राओं ने उत्सुकता के साथ प्रश्नों के जवाब दिए। इस दौरान छात्राओं के साथ द्विपक्षीय संवाद करते हुए उनके सामान्य ज्ञान, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली गई।
जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अभी से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही रणनीति और निरंतर प्रयास के माध्यम से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। अधिकारी के संवाद से छात्राएं काफी उत्साहित नजर आईं। छात्राओं ने भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की अपनी रुचि के बारे में जानकारी साझा की और संबंधित क्षेत्रों को लेकर सवाल भी पूछे। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी ने प्रभारी वार्डन श्रीमती मनीषा सिंह को विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।










