मथुरा 18 सितम्बर। केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा संस्थानों केडी मेडिकल कालेज, केडी कालेज आफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल साइंसेज और केडी डेंटल कालेज में आशीर्वाद का दिया थीम पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर चिकित्सा संस्थानों को आकर्षक रोशनी और दीपों से सजाया गया। जगमग दीपों के बीच विश्वविद्यालय परिवार ने प्रधानमंत्री के दीर्घ सार्वजनिक जीवन, कार्यों और राष्ट्र के विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रति-कुलाधिपति मनोज अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अम्बरीश कुमार ने छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कृतित्व और उपलब्धियों से अवगत कराया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र निर्माण, विकास और जनसेवा के विभिन्न प्रयासों से जुड़ा है।
प्रतिकुलाधिपति मनोज अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा और विकास के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में नई दिशा और गति हासिल की है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, डिजिटल तकनीक और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया है। उनका जन्मदिन सेवा और राष्ट्रहित के संकल्प के रूप में मनाया जाना सार्थक है। कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के लिए स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण विशेष महत्व रखता है। कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणादायी अवसर है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा विश्वविद्यालय इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अम्बरीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन केवल शुभकामनाएं देने का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर भी है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, सेवा-भावना, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रकाश से सजे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के जन्मदिन को गरिमा और उत्साह के साथ मनाने का अवसर बना। चिकित्सा शिक्षा संस्थानों से जुड़े शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस अवसर पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिक्षा, सेवा और राष्ट्रहित से जुड़े संकल्पों को भी दोहराया गया।










