
हाथरस 15 अक्टूबर । नवरात्रि एवं दीपावली के त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में अभियान चलाकर विभिन्न खाद्य पदार्थों के पांच नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में 15 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान हाथरस के कमला बाजार स्थित लक्ष्मी पन्ना पेड़े वाले की दुकान से सोनपापड़ी का नमूना लिया गया। वहीं, जलेसर रोड, सादाबाद स्थित गगन ट्रेडर्स से साबूदाना तथा इसी क्षेत्र में खाद्य कारोबारकर्ता अमित गुप्ता की दुकान से समा चावल का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त हसायन-सिकंदराराऊ क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के दो नमूने लिए गए। इस प्रकार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल पांच नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह, सुरेंद्र कुमार गौड़, प्रियांश कुमार सिंह एवं श्रीमती पारुल सिंह उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।








