हाथरस 15 अक्टूबर । आगामी श्री दुर्गा पूजा महोत्सव, दशहरा एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू, सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी हाथरस डॉ. वेद प्रकाश ने जनपद के समस्त जिला स्तरीय चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति, दुर्घटना अथवा चिकित्सा संबंधी आवश्यकता पर आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
24 घंटे सक्रिय रहेंगी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्य चिकित्साधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी चिकित्सालयों में आवश्यकतानुसार बेड आरक्षित रखे जाएं। चिकित्सकों, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार निर्धारित की जाए। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं 24 घंटे संचालित रखी जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
दवाओं और जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
सीएमओ ने सभी चिकित्सा इकाइयों में आवश्यक दवाओं, जांच सुविधाओं, ऑक्सीजन, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर तथा अन्य जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता और क्रियाशीलता सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही आपातकालीन उपचार के लिए आवश्यक औषधियों एवं चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
108 और ALS एम्बुलेंस रहेंगी पूरी तरह क्रियाशील
आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए 108 एम्बुलेंस एवं एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। एम्बुलेंस में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर एम्बुलेंस की तैनाती की जाएगी। एम्बुलेंस की तैनाती से संबंधित जानकारी जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ साझा कर आपसी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
जांच सुविधाएं रहेंगी संचालित, अनावश्यक रेफरल पर रोक
मुख्य चिकित्साधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध मानव संसाधन के अनुसार एक्स-रे, पैथोलॉजी एवं अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं संचालित रखी जाएं। मरीजों को अनावश्यक रूप से उच्च चिकित्सा इकाइयों में रेफर न किया जाए तथा संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर ही यथासंभव आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर भी जोर
त्योहारों के दौरान चिकित्सालयों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा राजपत्रित अवकाश के दिनों में भी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने को कहा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।
बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे अधिकारी-कर्मचारी
सीएमओ ने जनपद में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना अवकाश पर न जाएं और न ही मुख्यालय छोड़ें। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति में आमजन को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।








