Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 सितंबर । अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से विभिन्न कारणों से वंचित रह गए पात्र छात्र-छात्राओं को लाभ दिलाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सरिता सिंह ने जनपद के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों एवं छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग के अनुसार, जिन पात्र छात्रों के आवेदन शिक्षण संस्थान स्तर से अग्रसारित नहीं हो सके, पीएफएमएस स्तर से निरस्त हो गए या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ नहीं मिल सका, उनके प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए 1 से 7 सितंबर तक शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार/अपडेट किया जाएगा। 2 से 8 सितंबर तक विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी तथा 3 से 9 सितंबर तक जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा फीस आदि का सत्यापन किया जाएगा।

इसके बाद 16 से 18 सितंबर तक शिक्षण संस्थान स्तर पर त्रुटिपूर्ण आवेदनों को सही किया जाएगा, जबकि 17 से 19 सितंबर तक शिक्षण संस्थानों द्वारा सत्यापित एवं पात्र डाटा अग्रसारित किया जाएगा। विभाग ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करें, ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिल सके। जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने संबंधित छात्र-छात्राओं से भी अपील की है कि वे अपने शिक्षण संस्थान से संपर्क कर आवेदन एवं डाटा की स्थिति की जानकारी प्राप्त करें। यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में उसका संशोधन एवं निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page