
हाथरस 16 नवंबर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और अपने घर एवं परिवार से संबंधित विवरण स्वयं दर्ज कर स्वगणना प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना अभियान के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपने घर एवं परिवार की गणना स्वयं कर सकता है। इसके लिए निर्धारित ऑनलाइन माध्यम पर कुल 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्धारित समयावधि के भीतर सभी आवश्यक जानकारियां सही एवं सटीक रूप से दर्ज करें, जिससे जनगणना का कार्य सुगमता और शुद्धता के साथ संपन्न हो सके।
डीएम ने जनपद के समस्त सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देशित किया है कि वे स्वयं तथा अपने परिवार के सभी सदस्यों की स्वगणना अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही अपने संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वगणना के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक परिवार और नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। सभी जनपदवासी निर्धारित अवधि में स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।










