
हाथरस 04 अक्टूबर। हाथरस के ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज मंदिर मेले में झूला खराब होने के बाद टिकट के पैसे वापस करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक के सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल हाथरस ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सिर में लगी गंभीर चोट को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सफाई कर्मचारी से मारपीट करने को विरोध में सफाई कर्मचारियों ने रविवार की सुबह हड़ताल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर में सफाई व्यवस्था बंद रही। कर्मचारी झूला संचालक पर कार्रवाई को लेकर आक्रोशित दिखे। कर्मचारियों ने आरोपी झूला ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि सफाई कर्मी के साथ मारपीट की घटना को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि मेला परिसर में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
ब्रेक डांस झूले के पास हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 3 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे दाऊजी मेला परिसर में लगे ब्रेक डांस झूले के पास हुई। बताया गया कि झूला खराब हो जाने के बाद टिकट के पैसे वापस करने को लेकर प्रथम पक्ष के जितेश और मेला ठेकेदार के सहयोगियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मेला ठेकेदार के सहयोगी प्रत्यक्ष शर्मा निवासी अलीगढ़ ने जितेश के सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया। हमले में जितेश के सिर पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
आगरा मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। सिर की चोट को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वहां उसका उपचार जारी है और उसकी हालत सामान्य है। घटना में दूसरे पक्ष की ओर से प्रत्यक्ष शर्मा और गोपाल भारद्वाज के नाम सामने आए हैं। दोनों को मेला ठेकेदार के सहयोगी के तौर पर बताया जा रहा है। घटना के बाद मेला परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और दोनों पक्षों के बीच विवाद की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










