
हाथरस 06 फरवरी । आज विकास भवन सभागार में “पोषण भी पढ़ाई भी” कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी पी एन दीक्षित द्वारा की गई।
कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा रॉकेट लर्निंग संस्था का हाथरस जनपद में स्वागत किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनपद की विभिन्न परियोजनाओं के बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक तथा रॉकेट लर्निंग संस्था के स्टेट को-लीड श्री प्रवीण वर्मा एवं टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम के दौरान रॉकेट लर्निंग संस्था द्वारा आंगनवाड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि राज्य पाठ्यक्रम एवं राज्य कैलेंडर के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गतिविधि आधारित वीडियो एक दिन पूर्व उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे अगले दिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को गतिविधियाँ आसानी से एवं प्रभावी ढंग से कराई जा सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अभिभावकों से निरंतर जुड़ने, बच्चों को प्रोत्साहित करने तथा खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से सीखने का वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए, साथ ही बच्चों पर अनावश्यक प्रतिबंध न लगाने और उन्हें स्वाभाविक रूप से सीखने के अवसर देने पर बल दिया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा बताया गया कि “पोषण भी पढ़ाई भी” कार्यक्रम के अंतर्गत खेल आधारित गतिविधियों, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा को एक साथ जोड़कर आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए सरल, कम लागत एवं स्थानीय संसाधनों का उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण सीखने का वातावरण तैयार किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से जनपद हाथरस में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा एवं पोषण के क्षेत्र में सकारात्मक एवं स्थायी सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
















