
हाथरस 25 जून। नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत हाथरस पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया। पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 54 अभियोगों से संबंधित नशीले पदार्थों को नष्ट किया गया।
इस अभियान के तहत राजपत्रित अधिकारियों तथा सभी थाना प्रभारियों की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। टीम की निगरानी में लंबे समय से विभिन्न थानों के मालखानों में मुकदमों की कार्यवाही के कारण जमा मादक पदार्थों का सुरक्षित एवं पारदर्शी तरीके से विनष्टीकरण कराया गया। जब्त मादक पदार्थों को आगरा जनपद के एत्मादपुर स्थित जेआर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के इंसीनेरेटर (भट्ठी) में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नष्ट किया गया। विनष्ट किए गए मादक पदार्थों का कुल वजन लगभग 10.502 किलोग्राम रहा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 10 लाख 59 हजार 624 रुपये आंकी गई है। हाथरस पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन दहन’ का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करना तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है। अभियान के माध्यम से जब्त किए गए नशीले पदार्थों को सार्वजनिक रूप से नष्ट कर यह संदेश दिया गया है कि नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए जनपद में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्य किया जा रहा है और नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

























