सिकंदराराऊ 10 अप्रैल । जिला मुख्यालय स्थित सपा कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को मानवता की एक मिसाल देखने को मिली। क्षेत्र के नगला मधुकर निवासी आशु, जो पिछले नौ वर्षों से सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए अधिकारियों के चक्कर काटकर थक चुके थे, उन्हें सपा नेता प्रबल प्रताप सिंह धनगर उर्फ राकेश बघेल के हस्तक्षेप के बाद न्याय की उम्मीद जागी है। ज्ञात हो कि वर्ष 2017 में लकड़ी काटते समय आशु हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए थे। इस दर्दनाक हादसे में चिकित्सकों ने उनकी जान तो बचा ली, लेकिन उन्हें अपना एक हाथ और एक पैर गंवाना पड़ा।
तकरीबन नौ साल से ट्राईसाइकिल और दिव्यांग पेंशन योजना के लिए कार्यालयों की धूल फांक रहे आशु शुक्रवार को अपने भाई के साथ उम्मीद लेकर राकेश बघेल से मिलने पहुंचे। पीड़ित की आपबीती सुनकर सपा नेता ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाई और संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। राकेश बघेल ने इस अवसर पर कहा कि उनके कार्यालय के दरवाजे 24 घंटे गरीब, जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्तियों के लिए खुले हैं और वह सदैव उनकी सेवा में तत्पर रहेंगे। मदद का आश्वासन मिलने के बाद पीड़ित आशु ने सपा नेता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कैंप कार्यालय पर कई अन्य कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


























