Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 फरवरी । हाथरस नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने नगर की सफाई व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर निरीक्षण हेतु कमेटी गठित किए जाने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष ने अपने ज्ञापन में कहा है कि नगर पालिका परिषद हाथरस के नियमित स्टाफ में शामिल कुछ सफाई कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में स्वयं सफाई कार्य न कर, अपने स्थान पर अति अल्प धनराशि पर एवजदार (प्रतिनिधि) के माध्यम से सफाई कार्य करा रहे हैं, जिसकी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने बताया कि एवजदार के रूप में कार्य कर रहे व्यक्तियों द्वारा भी पूर्ण रूप से सफाई कार्य नहीं किया जा रहा, जिससे आधा-अधूरा कार्य होने के कारण नगर के कई क्षेत्रों में गंदगी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। यह कृत्य नगर पालिका सेवक आचरण नियमावली के विरुद्ध है। पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने यह भी उल्लेख किया कि बीते डेढ़ वर्षों से वे अधिशासी अधिकारी को कई बार पत्र लिखकर नगर की सफाई व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने, औचक निरीक्षण कराने तथा लापरवाह एवं उदासीन कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश देती आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद अधिशासी अधिकारी द्वारा उनके आदेशों की उपेक्षा की जा रही है और सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण नहीं कराया जा रहा। पालिकाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी की इस घोर लापरवाही एवं उदासीनता के कारण सफाई कर्मचारी, सफाई नायक एवं सुपरवाइजरों द्वारा भी सफाई व्यवस्था में अनियमितता बरती जा रही है, जिससे नगर के अधिकांश वार्डों में गंदगी की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि नगर की सफाई व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने के उद्देश्य से सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण कराने हेतु जनपद या तहसील स्तर के अधिकारियों की एक कमेटी गठित की जाए, ताकि कमेटी द्वारा वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page