
हाथरस 07 अप्रैल । सरकारी कार्यालयों में कार्यसंस्कृति और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने विकास खण्ड हाथरस स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अव्यवस्था और अनुपस्थिति पाए जाने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। आज सुबह ठीक 10:45 बजे मुख्य विकास अधिकारी अचानक बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुँचे। निरीक्षण के समय मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) श्रीमती सोनी कुशवाह तो उपस्थित मिलीं, लेकिन कार्यालय के महत्वपूर्ण पदों पर तैनात दो मुख्य सेविकाएं अपनी ड्यूटी से नदारद पाई गईं। निरीक्षण के दौरान श्रीमती मीनू उपाध्याय (मुख्य सेविका) और श्रीमती रेनू (मुख्य सेविका) बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित थीं। समय पर कार्यालय न पहुँचने और विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के कारण मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से कड़ा कदम उठाया। मुख्य विकास अधिकारी ने दोनों अनुपस्थित मुख्य सेविकाओं का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या समयपालन की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस औचक निरीक्षण से अन्य विभागीय कार्यालयों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। सीडीओ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर जनहित के कार्यों का निष्पादन करने की सख्त हिदायत दी है।





















