
अलीगढ़/हाथरस 21 फरवरी । कोतवाली इगलास क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बेसवा में एक झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही के कारण एक युवती को अपनी जान गंवानी पड़ी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक व्यक्ति की पुत्री के पेट में अचानक तेज दर्द उठा था। परिजनों ने आनन-फानन में उपचार के लिए गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर को बुलाया। आरोप है कि झोलाछाप ने युवती को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत और अधिक बिगड़ने लगी। युवती की स्थिति नाजुक होते देख परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए हाथरस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने युवती का परीक्षण करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद गमगीन परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के शव को वापस अपने गांव ले गए। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय झोलाछाप डॉक्टरों की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा किए जा रहे जोखिम भरे इलाज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।















