
सिकंदराराऊ 12 दिसंबर । हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला उदईया में गेहूं की मड़ाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर से गेहूं निकालते समय कटर की चपेट में आने से एक 30 वर्षीय मजदूर का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। गंभीर हालत में घायल युवक को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव उदईया का नगला निवासी अभय सिंह उर्फ फत्ते (30 वर्ष) मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार को वह अन्य साथियों के साथ खेत पर ट्रैक्टर चालित कटर (थ्रेशर) से गेहूं निकाल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक का एक हाथ कटकर मशीन से बाहर जमीन पर जा गिरा।
वहां मौजूद अन्य मजदूरों और साथियों ने आनन-फानन में मशीन बंद कर बचाव कार्य शुरू किया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण अभय सिंह की हालत बिगड़ गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक, उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। अभय सिंह ही अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य है। उसके परिवार में पत्नी सीमा के अलावा दो मासूम बच्चे—बड़ा बेटा आर्यन और छोटा बेटा आरिस हैं। मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले मुखिया के साथ हुए इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक की लहर है।

























