
सादाबाद 09 अप्रैल । सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के कस्बा सहपऊ स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक स्थल पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती को भव्य रूप से मनाने और लखनऊ में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में लखनऊ स्थित ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल, गोमती नगर’ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाना है। पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुँचने की अपील की।
बैठक में उपस्थित पार्टी नेताओं ने कहा कि बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। जयंती कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी अपनी एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन करेगी। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे गाँव-गाँव जाकर लोगों को इस गौरवमयी अवसर के लिए जागरूक करें और लखनऊ पहुँचने हेतु व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इस अवसर पर बसपा के विधानसभा स्तरीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समाज सेवा का संकल्प लिया।


























