सिकंदराराऊ 28 मई । नगर के ऐतिहासिक नेहरू पार्क की उपेक्षित स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कांग्रेस के निवर्तमान जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने नगर पालिका अध्यक्ष से पार्क के सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 14 नवंबर, पंडित नेहरू की जयंती तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो पार्टी सड़क पर आंदोलन के लिए बाध्य होगी। नेहरू की प्रतिमा की जर्जर स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि, “जब प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए कोई साधन नहीं है, तो श्रद्धांजलि कैसे अर्पित की जाए? स्तंभ की ऊँचाई अधिक है, और स्थिति भी खतरनाक होती जा रही है।” उन्होंने बताया कि कल पुण्यतिथि के अवसर पर जब कांग्रेसजन प्रतिमा पर नमन करने पहुंचे, तो प्रतिमा की स्थिति देखकर उन्होंने तत्काल नगर पालिका अध्यक्ष को पार्क में बुलाया। नगर पालिका अध्यक्ष ने इस मौके पर आश्वासन दिया कि प्रतिमा के चारों ओर सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, स्तंभ का नवनिर्माण होगा, प्रतिमा तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां बनाई जाएंगी और प्रतिमा पर शेड भी लगाया जाएगा।
चंद्रगुप्त ने स्पष्ट किया कि, “पंडित नेहरू केवल कांग्रेस के ही नहीं, पूरे राष्ट्र के नेता थे, जिन्हें विश्व भर में सम्मान प्राप्त है। यदि नगर पालिका प्रशासन 14 नवंबर से पहले कार्य प्रारंभ करता है तो कांग्रेस उनका आभार व्यक्त करेगी, अन्यथा हम आंदोलन करने को बाध्य होंगे।” इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य नावेद खान, निखिल वर्ती पाठक, निवर्तमान महिला प्रदेश उपाध्यक्ष बीना गुप्ता एडवोकेट, राशिद कुरैशी, आतिफ कुरैशी, सोशल मीडिया के पूर्व जिला प्रभारी पवन पंडित, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष रहे विष्णु कुमार, माशाल्लाह, बाबूलाल और आमिर कुरैशी प्रमुख रहे।