सिकंदराराऊ (हसायन) 09 अप्रैल । थाना हसायन क्षेत्र के ग्राम अंडोली के दर्जनों महिला व पुरुष मजदूरों ने अपनी मेहनत की कमाई न मिलने से आक्रोशित होकर कोतवाली में प्रदर्शन किया। मजदूरों का आरोप है कि आलू की फसल की खुदाई और छंटाई के कार्य के बदले तीन नामजद ठेकेदारों ने उनकी करीब पौने दो लाख रुपये की मजदूरी हड़प ली है। कोतवाली पहुंचे पीड़ित मजदूरों ने बताया कि उन्होंने मार्च माह में विभिन्न खेतों में आलू की फसल की बिनाई और छंटाई का कार्य किया था। इन मजदूरों को तीन अलग-अलग गांवों के रहने वाले ठेकेदारों के माध्यम से काम पर लगाया गया था। कार्य संपन्न होने के बाद जब भुगतान की बारी आई, तो ठेकेदार टालमटोल करने लगे। मजदूर वर्ग के सौमौती, श्यामवीर, बबली, इंदल सिंह, खुशबू, श्रीदेवी, नाजिश, कुसमा, कैला देवी, बी.पी. सिंह, प्रीति, रेखा, सपना और अखिलेश सहित करीब 35 मजदूरों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन सभी का कुल मिलाकर 1,73,000 रुपये बकाया है। मजदूरों का कहना है कि जब भी वे अपने रुपये मांगते हैं, तो नामजद ठेकेदार गाली-गलौज करते हैं और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
निम्न आय वर्ग और गरीब तबके से ताल्लुक रखने वाले इन मजदूरों ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर नामजद तीनों ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने का निवेदन किया है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। कोतवाली पुलिस ने मजदूरों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संबंधित ठेकेदारों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और नियमानुसार कानूनी कार्यवाही कर मजदूरों को उनका हक दिलाने का प्रयास किया जाएगा।






















