सादाबाद 15 मार्च । कस्बे के मोहल्ला मुकेर खाना में रविवार शाम गृहक्लेश के चलते व्यक्ति ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। परिजनों ने आग बुझाई और उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद में भर्ती कराया।
मोहल्ला मुकेरखाना निवासी राजू का अपने परिवार से विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद बढ़ने पर राजू ने एक कमरे में जाकर खुद पर केरोसिन तेल उड़ेल लिया और आग लगा ली। आग लगते ही वह चीखने लगा। परिजनों ने तुरंत राजू पर कपड़े डालकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे राजू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हाथरस रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
























