
हाथरस 05 मई । कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव तरफरा में ट्रैक्टर से खेत जुताई के बकाया पैसों को लेकर पड़ोसियों ने घर में घुसकर किसान और उसके परिवार पर लाठी-डंडों व सरिये से हमला कर दिया। मारपीट में किसान विजय सिंह, उनके पिता गोकुल सिंह व बेटा कृष्णा घायल हो गए। पीड़ित ने सात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है। तरफरा निवासी विजय सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोसी गिरीश के ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराई थी। कुछ पैसे उधार रह गए थे। पैसे मांगने पर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि वह घर में सो रहे थे, तभी कन्हैया, गिरीश, हरीश पुत्रगण स्व. चरन सिंह, राहुल पुत्र पप्पू सिंह, सोनवती पत्नी चरन सिंह, सरिता पत्नी गजराज व अंजनी पत्नी गिरीश लाठी-डंडा व सरिया लेकर घर में घुस आए। तहरीर के अनुसार, आरोपितों ने विजय, उनके पिता गोकुल सिंह और बाहर सो रहे बेटे कृष्णा को सोते में दबोच लिया और लात-घूंसों व डंडों से पीटा। गाली-गलौज करते हुए तुरंत पैसे देने को कहा। विजय के सुबह पैसे देने की बात कहने पर भी नहीं माने। गिरीश और कन्हैया ने बेटे को जमीन पर गिरा दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के जुगेंद्र व राना समेत अन्य लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।

























