
सिकंदराराऊ 12 अप्रैल । शिक्षक केवल सेवानिवृत्त होता है, उसका ज्ञान और व्यक्तित्व हमेशा समाज का मार्गदर्शन करता है। यह बात प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री विजयवीर सिंह के सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह में चरितार्थ हुई। ममता गेस्ट हाउस में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में उमड़ी शिक्षकों की भारी भीड़ ने उनकी लोकप्रियता और कार्यशैली पर मुहर लगा दी। मुख्य अतिथि हाथरस सांसद अनूप बाल्मीकि ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी नौकरी से हर कोई सेवानिवृत्त होता है, लेकिन जो व्यक्ति अपने कर्म, व्यवहार और मृदुभाषिता से शिक्षकों और समाज के प्रति समर्पित रहता है, उसकी विदाई पर शब्द कम पड़ जाते हैं। उन्होंने विजयवीर सिंह के निस्वार्थ भाव की जमकर सराहना की। विशिष्ट अतिथि विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा और एमएलसी मानवेन्द्र सिंह ‘गुरु जी’ ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों की विशाल संख्या विजयवीर सिंह की लोकप्रियता का जीवंत प्रमाण है। पूर्व विधायकगण सुरेश प्रताप गांधी, यशपाल सिंह चौहान और राजवीर सिंह पहलवान ने संयुक्त रूप से कहा कि आज जो सम्मान विजयवीर सिंह को मिल रहा है, ऐसा सौभाग्य बहुत कम लोगों को प्राप्त होता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा, डॉ. रक्षपाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक रामदास यादव ने की। विदाई समारोह में मुख्य और विशिष्ट अतिथियों को माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष चौधरी, सुमंत किशोर, उमाशंकर गुप्ता (जिला पंचायत सदस्य), मानवीर सिंह (सीए) सहित सैकड़ों शिक्षक और समाजसेवी मौजूद रहे। शिक्षक समुदाय की ओर से रविन दीक्षित, मनोज पुंढीर, संजीव पुंढीर, अमन सक्सैना, यशवीर पुंढीर और अन्य सहयोगियों ने विजयवीर सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने उनके साथ बिताए गए गौरवशाली पलों को याद किया।

























