
सिकंदराराऊ (हसायन) 11 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र के जलेसर-सासनी मार्ग से जुड़े गांव बौनई में शुक्रवार की देर रात एक टेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। विद्युत बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने के कारण भड़की इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दुकान में रखा लगभग पाँच लाख रुपये का कीमती सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बौनई निवासी सुमन कुमार पुत्र महेंद्रपाल शर्मा की अपने घर के पास ही टेंट की दुकान है। शुक्रवार रात दुकान में लगे बिजली के बोर्ड में अचानक स्पार्किंग हुई और शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटों ने दुकान के भीतर रखे गद्दे, बेड, तख्त, पंखे और कुर्सियों सहित तमाम सामान को अपनी चपेट में ले लिया। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब ग्रामीणों ने दुकान से धुंआ उठता देखा, तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल दुकान स्वामी सुमन कुमार को सूचना दी। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल चुका था। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि इस अग्निकांड में उनका करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मेहनत की कमाई जलकर राख होने से पीड़ित परिवार सदमे में है। घटना के संबंध में पुलिस को लिखित सूचना दे दी गई है।























