Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 09 अप्रैल । विकासखंड कार्यालय के सभागार परिसर में गुरुवार को पंडित दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तत्वावधान में ‘समूह से समृद्धि की ओर’ अभियान के अंतर्गत जिला मिशन प्रबंधन इकाई द्वारा ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। एडीओ पंचायत प्रेम किशोर यादव और एडीओ आईएसबी (एनआरएलएम प्रभारी) भूपेंद्र कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक ग्रामीण अंचल में स्वयं सहायता समूह से जोड़कर महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि संकुल स्तरीय समिति (सीएलएफ) और ग्राम संगठनों के माध्यम से सभी राशन कार्ड धारक महिलाओं को इन समूहों से जोड़ने के लिए क्लस्टर स्तर पर बैठकें की जाएंगी।

एडीओ आईएसबी भूपेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि हसायन विकासखंड क्षेत्र के 25,220 परिवार के सदस्यों को समस्त योजनाओं, समूह गठन और कैडरों की नियुक्ति से जोड़ा जाना है। इसमें कृषि आजीविका सखी, स्वास्थ्य सखी, बैंक सखी, समूह सखी और विद्युत सखी जैसे विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। पात्र महिलाओं के आवेदन ग्राम संगठन के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे, जिन्हें प्रशिक्षण के बाद नियुक्त कर मानदेय प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में खंड क्षेत्र के लगभग 525 समूहों की महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान बेहतरीन कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ के प्रमाण पत्र भी सौंपे गए। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्ड धारक परिवारों की महिला सदस्य अनिवार्य रूप से समूहों से जुड़ें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। इस अवसर पर बीएमएम जय सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी मुकेश कुमार यादव सहित सीमा देवी, कमलेश देवी, रानी देवी, गायत्री कुमारी, पूजा देवी, बबली, पुष्पा देवी, गीता देवी, कुंती देवी, विमला देवी, इन्द्रवती, भागवती, सरोज, प्रीती, रेखा और ऊषा देवी सहित बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page