सपा कार्यालय पर धूमधाम से मनाई सम्राट अशोक की जयंती, शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

हाथरस 26 मार्च । समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को महान शासक सम्राट अशोक की जयंती पूरे उत्साह, श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा सम्राट अशोक के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने सम्राट अशोक के जीवन संघर्षों, उनके महान विचारों और ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन पूरी मानवता के लिए एक महान प्रेरणा है। उन्होंने कलिंग युद्ध के बाद हिंसा का मार्ग त्यागकर शांति, अहिंसा और धम्म के मार्ग को अपनाया, जो विश्व इतिहास की एक विरल घटना है। उनका शासनकाल न्याय, सामाजिक समानता और जनकल्याण के सिद्धांतों पर आधारित था। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में सम्राट अशोक के आदर्श और भी प्रासंगिक हो गए हैं। उनके बताए भाईचारे, सद्भाव और एकता के रास्ते पर चलकर ही एक सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से देवेन्द्र कुशवाह, अजय सिकवार, शैलेंद्र कुमार सेंगर, राणा प्रताप सिसौदिया, देवकी नंदन गोला, चिराग वार्ष्णेय, टेकपाल कुशवाहा, सतेंद्र यादव, अशोक गोला, अकील कुरेशी, नरेश कुमार दिवाकर, विनोद कुशवाह, अनुज उपाध्याय, रामाशंकर कुमार, सहवाज खान और संजू यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से सम्राट अशोक के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और समाज में समानता व शांति स्थापित करने की शपथ ली।


























