
हाथरस 26 मार्च । जनपद के मुरसान क्षेत्र के गांव बिशुनदास में युवक रितेश उर्फ छोटू की हत्या के मामले में अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर लगातार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर सैकड़ों ग्रामीणों एवं परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य भी पीड़ित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि पीड़ित परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में जी रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था से उठ जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अन्याय के खिलाफ और पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। निर्दोष परिवार को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आज परिवार से फोन पर वार्ता भी की लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि इस पर प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा जनपद स्तर पर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में पीड़ित परिवार एवं गांव के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष बीना गुप्ता एडवोकेट, महिला जिला अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, शहर अध्यक्ष आमना बेगम, पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, पंडित ऋषि कुमार कौशिक, जयशंकर पाराशर, हरिशंकर वर्मा, कपिल नरूला सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


























